
मेटाफेब इंडस्ट्रीज पर श्रम कानून उल्लंघन के आरोप, जांच के लिए पहुंची श्रम विभाग की टीम

रिपोर्ट : जगबंधु महतो
आदित्यपुर: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेटाफेब इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड एक बार फिर श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। मजदूरों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सरायकेला-खरसावां जिला श्रम अधीक्षक कार्यालय ने कंपनी प्रबंधन को लगातार दो नोटिस जारी किए हैं। निर्धारित समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद शुक्रवार को श्रम विभाग की टीम कंपनी परिसर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को जारी पहले नोटिस में कंपनी प्रबंधन को कर्मचारी राहुल महतो को बिना पूर्व सूचना सेवा से हटाने के मामले में 28 अप्रैल को उपस्थित होकर जवाब देने का निर्देश दिया गया था। बाद में इसी मामले से संबंधित शिकायतों पर विभाग ने पुनः नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा। विभागीय अभिलेखों के अनुसार कंपनी की ओर से अपेक्षित जवाब नहीं मिलने पर जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।
शुक्रवार शाम करीब पांच बजे श्रम विभाग के दो कर्मी कंपनी पहुंचे और कुछ श्रमिकों से बातचीत कर प्रारंभिक जांच की। इस दौरान श्रमिकों ने आरोप लगाया कि जांच टीम के आने की सूचना मिलते ही उन्हें निर्धारित समय से पहले घर भेज दिया गया।
मजदूरों का आरोप है कि कंपनी में एक हजार से अधिक श्रमिक कार्यरत हैं, लेकिन अधिकांश कर्मचारियों को पीएफ, ईएसआई जैसी वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इसके अलावा न्यूनतम मजदूरी, नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र तथा साप्ताहिक अवकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव की भी शिकायतें सामने आई हैं। श्रमिकों का कहना है कि नौकरी की कोई सुरक्षा नहीं है और कभी भी सेवा समाप्त किए जाने का भय बना रहता है।
फिलहाल श्रम विभाग मामले की जांच कर रहा है। वहीं कंपनी प्रबंधन की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब जांच रिपोर्ट और संभावित कार्रवाई पर श्रमिकों समेत पूरे औद्योगिक क्षेत्र की नजर टिकी हुई है।

