
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटा झामुमो, बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को दिए गए अहम दिशा-निर्देश

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
मतदाता जागरूकता और सूची पुनरीक्षण पर झामुमो का फोकस, सरायकेला में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
सरायकेला: आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति, सरायकेला-खरसावां द्वारा बुधवार को सरायकेला टाउन हॉल में बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची के अद्यतन और मतदाता जागरूकता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम जोड़ना, त्रुटियों को दूर करना तथा लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की प्रमुख जिम्मेदारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर घर-घर संपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का आग्रह किया। साथ ही मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर उसके त्वरित सुधार की प्रक्रिया अपनाने पर बल दिया।
कार्यशाला के दौरान कार्यकर्ताओं को नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम एवं पता संशोधन, विलोपन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग संबंधी तकनीकी जानकारी भी दी गई। इसके अलावा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर झामुमो के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में बीएलए-2 प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
Related posts:

