Advertisements
Spread the love

टाटानगर स्टेशन पर पदक विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत, दुखनी सोरेन ने बढ़ाया हौसला

Advertisements

Arjun Kumar ….✍️

राँची(जमशेदपुर) । ओडिशा के केटी ग्लोबल कैंपस में आयोजित वाको इंडिया किक बॉक्सिंग राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने कुल 13 पदक हासिल किए, जिनमें 5 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम जिले के 6 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से पांच खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले और राज्य को गौरवान्वित किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में दिव्या सोय, कृष्ण बिहारी और श्लोक शर्मा शामिल हैं। अदिति कुमारी ने रजत पदक जबकि प्रियांशु बिरुवा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं खिलाड़ी विपिन बेरा को इस बार सफलता नहीं मिल सकी। प्रतियोगिता से लौटने पर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की पुत्री दुखनी सोरेन ने खिलाड़ियों को फूल-माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि को झारखंड के लिए गर्व का विषय बताते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। स्वागत समारोह में जमशेदपुर किक बॉक्सिंग संगठन के अध्यक्ष जेनाराम बोदरा, राष्ट्रीय रेफरी जादू मुनि हेंब्रम, कोच विजय सोए, बॉक्सिंग कोच विवेक दास तथा पूर्व बॉक्सर गुलाम घोष सहित खेल प्रेमी और खिलाड़ियों के परिजन भी मौजूद रहे। राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। उनकी इस उपलब्धि ने राज्य के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। “मेहनत, अनुशासन और जुनून का परिणाम पदक के रूप में सामने आया। झारखंड के इन खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि अवसर और संकल्प मिले तो राज्य की प्रतिभाएं राष्ट्रीय मंच पर भी चमक सकती हैं।”

You missed