
विश्व पर्यावरण दिवस पर टाटी पूर्वी पंचायत में हुआ व्यापक वृक्षारोपण, पौधों की देखरेख का लिया गया संकल्प

Arjun Kumar ….✍️
नामकुम(राँची) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर टाटी पूर्वी पंचायत में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ईईएफ मैदान परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सैकड़ों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, जलसहियाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगाए गए पौधों को गोद लेकर उनकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं देखरेख करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर टाटी पूर्वी पंचायत में विशेष ग्रामसभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं हरित पंचायत के निर्माण पर चर्चा की गई। ग्रामसभा के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए जागरूक किया गया। वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में ग्रामसभा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं पंचायत की जलसहियाओं ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का नेतृत्व टाटी पूर्वी पंचायत का मुखिया कृष्णा पाहान एवं समाजसेवी शंकर शाहू ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव उपस्थित रहे। इस अवसर पर थाना प्रभारी हंसे उरांव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पौधे लगाना जितना आवश्यक है, उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। यदि समाज मिलकर इस दिशा में कार्य करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकता है। मुखिया कृष्णा पाहान ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। पंचायत स्तर पर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। समाजसेवी शंकर शाहू ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों को सुरक्षित रखकर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना इसका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। राशेश्वर मिश्रा ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का गहरा संबंध है। पर्यावरण संरक्षण के बिना सतत विकास संभव नहीं है। । कार्यक्रम में मुख्य रूप से विक्रम आदित्य नगर के पर्यावरण प्रमुख कमलेश कुमार, मंगल गुप्ता, उमेश प्रसाद, गोविंद महतो, सह-संघचालक बृजेश सिंह , टाटी पश्चिमी पंचायत के मुखिया अजय सिंह, सुदेश शाह, रामकृष्ण महतो, संजय रजक, गोपाल महतो, रामप्रसाद पांडेय, मधुसूदन पांडेय, सीए मनोरंजन मिश्र, वीणा देवी (जलसहिया), सरस्वती देवी (जलसहिया), सुनीता देवी (जलसहिया), अनीता देवी (जलसहिया) सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने हरित एवं स्वच्छ टाटीसिलवे के निर्माण तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया।

