
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आयुष्मान अस्पतालों की होगी जांच : मधुश्री महतो

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
कुकड़ू में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का रास्ता साफ, आंगनबाड़ी रिक्तियों पर जल्द होगी नियुक्ति
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला परिषद कार्यालय सभागार में बुधवार को जिप उपाध्यक्ष सह स्थायी समिति अध्यक्ष मधुश्री महतो की अध्यक्षता में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आम जनता तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने और विभागीय कार्यों में सुधार पर विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मधुश्री महतो ने जिले की चिकित्सा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता, अस्पतालों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, साफ-सफाई तथा दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध अस्पतालों में गरीब मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिलने की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जांच टीम गठित कर नियमित निरीक्षण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में कुकड़ू प्रखंड में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के टेंडर की जानकारी दी गई। जिप उपाध्यक्ष ने डॉक्टर, एएनएम, नर्स और लैब असिस्टेंट जैसे आवश्यक पदों के सृजन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में रिक्त आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका एवं सहायिका की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा पोषाहार योजना की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। बैठक में जिला चिकित्सा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं जिला परिषद की स्थायी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

