
विशेष गहन पुनरीक्षण(SIR – 2026) अभियान का शुभारंभ, उपायुक्त ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण


दुमका ब्यूरो रिपोर्ट, मौसम गुप्ता
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दुमका जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 अभियान की शुरुआत हो गई है। अभियान के प्रथम दिन मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर एन्यूमरेशन कार्य एवं प्रारंभिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
आज गणना प्रपत्र वितरण अभियान का प्रथम दिन था। जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों का वितरण किया गया। इस दौरान बीएलओ द्वारा बीएलए, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं निर्वाचन कार्य में सहयोग करने वाले अन्य संबंधित व्यक्तियों के साथ बैठक आयोजित कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की गई तथा अभियान में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया गया।
इसके साथ ही गणना प्रपत्रों का वितरण करते हुए संबंधित सूचनाओं का संकलन एवं सत्यापन कार्य किया गया तथा प्राप्त विवरणियों की प्रविष्टि बीएलओ ऐप के माध्यम से की गई।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ से अभियान के प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा कार्य निष्पादन की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाते हुए घर-घर जाकर सत्यापन कार्य किया जाए तथा इस दौरान आवश्यक सावधानी और पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतन स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज हो सके। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

