
खरकई नदी में दर्दनाक हादसा: नहाने गए दो छात्र डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी


रिर्पोटर : जगबंधु महतो
आसंगी चेक डैम फिर बना जानलेवा, गहरे पानी ने ली छात्र की जान, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम के समीप खरकई नदी शनिवार को एक बार फिर दर्दनाक हादसे की गवाह बनी। दोपहर में नहाने पहुंचे दो छात्र अचानक नदी के गहरे पानी में समा गए। इस हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे छात्र की तलाश देर शाम तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आदित्यपुर के कल्पनापुरी अशोक विहार निवासी उत्कर्ष कुमार के रूप में हुई है। वहीं, लापता छात्र आदित्यपुर के एस-टाइप क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों मित्र शनिवार दोपहर करीब एक बजे खरकई नदी में नहाने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों अचानक डूबने लगे और देखते ही देखते पानी में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद एक छात्र का शव नदी से बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे छात्र की तलाश लगातार जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग भी हादसे से स्तब्ध हैं।
गौरतलब है कि आसंगी चेक डैम और खरकई नदी का यह इलाका पहले भी कई दर्दनाक डूबने की घटनाओं का केंद्र रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे लगातार युवाओं को गहरे पानी में जाने से रोकते और सावधान करते हैं, लेकिन चेतावनी के बावजूद कई लोग जोखिम उठाते हैं, जिसका खामियाजा उन्हें अपनी जान देकर चुकाना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा के स्थायी इंतजाम, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

