
टाटा-कांड्रा मेन रोड पर मौत का तांडव: टिप-टेलर की चपेट में आए बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत


रिर्पोटर – जगबंधु महतो
गम्हरिया में रफ्तार बनी काल: ट्रक छोड़कर चालक फरार, कपाली के दो युवकों की गई जान
गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-कांड्रा मेन रोड स्थित निर्मल पथ के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार टिप-टेलर ट्रक (एमएच-12 एलटी-8538) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जुटते ही ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल गम्हरिया थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राह से गुजर रही एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) भेजा। साथ ही पुलिस ने लोगों को शांत कर सड़क पर यातायात सामान्य कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दोनों युवक कपाली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। उनकी पहचान मोहम्मद निसार और मोहम्मद रेहान के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की मौत टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में इलाज के दौरान हो गई।
गम्हरिया थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

