
चाकुलिया: नगर पंचायत में कैच द रेन-2026 अभियान के तहत जल संरक्षण की दिलाई गई शपथ
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया: भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित ‘कैच द रेन-2026’ अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को लेकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में नगर पंचायत कार्यालय के पदाधिकारियों, कार्यालय कर्मियों तथा वार्ड पार्षदों ने भाग लिया. इस दौरान सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल स्रोतों के संरक्षण की शपथ दिलाई गई. अभियान का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण करते हुए जल संकट के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है. शपथ के दौरान सभी ने जल की प्रत्येक बूंद को बचाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा आम नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं. कार्यक्रम के अंत में नगर प्रबंधकों, कार्यालय कर्मियों एवं वार्ड पार्षदों ने जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा ‘कैच द रेन-2026’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया. साथ ही लोगों से वर्षा जल संचयन को अपनाने और जल की बर्बादी रोकने की अपील की गई.



