Advertisements
Spread the love

ड्यूटी खत्म, फिर बियर बार! गम्हरिया अंचल के बड़ा बाबू की तस्वीरों से मचा बवाल, जांच की उठी मांग

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर : जगबंधु महतो

सरकारी कर्मचारी की बियर बार में मौजूदगी पर सवाल, गम्हरिया अंचल के बड़ा बाबू विवादों में

 

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया अंचल कार्यालय में कार्यरत बड़ा बाबू के नाम से चर्चित तरुण ठाकुर एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। शुक्रवार शाम गम्हरिया स्थित लाल बिल्डिंग के एक बियर बार में उनकी मौजूदगी की तस्वीरें सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। तस्वीरों में उनके साथ अंचल कार्यालय के हल्का-1 और हल्का-2 से जुड़े कर्मचारियों के भी मौजूद होने का दावा किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अंचल कार्यालय के अधिकांश महत्वपूर्ण मामलों और फाइलों पर बड़ा बाबू का प्रभाव रहता है तथा उनकी सहमति के बिना कई कार्य आगे नहीं बढ़ते। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर कथित रूप से शराब सेवन करते हुए सामने आई तस्वीरों ने कार्यालय की कार्यशैली, अनुशासन और सरकारी कर्मचारियों के आचरण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारों का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों से अपेक्षा की जाती है कि उनका आचरण ऐसा हो जिससे सरकारी सेवा की गरिमा और जनता का विश्वास बना रहे। यदि किसी कर्मचारी का व्यवहार सरकारी सेवा की छवि को प्रभावित करता है और आरोपों की पुष्टि होती है, तो संबंधित सक्षम प्राधिकारी विभागीय जांच कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है।

हालांकि, यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि तरुण ठाकुर के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसलिए इन आरोपों को फिलहाल आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

इधर, स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर तथ्य सार्वजनिक करने तथा दोष सिद्ध होने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।