
सरायकेला में निजी विद्यालय के शिक्षक का नदी से शव बरामद, शादी समारोह में आए थे शामिल


रिर्पोटर : जगबंधु महतो
चमारू-कोलबीरा पुल के नीचे मिला शिक्षक का शव, परिजनों ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नदी में चमारू-कोलबीरा पुल के नीचे रविवार को एक निजी विद्यालय के शिक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नुआगढ़ पंचायत के धातकीड़ीह निवासी जीतन महतो उर्फ अमित के रूप में हुई है। वह मिरुडीह स्थित विश्व विकास विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीतन महतो शनिवार को सरायकेला के मानिक बाजार स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद वह अपने दो सालों के साथ चमारू स्थित अपने साढ़ू के घर पहुंचे। बताया जाता है कि देर शाम वह अपने साढ़ू और दोनों सालों के साथ संजय नदी किनारे शौच के लिए गए। इसी दौरान उनके तीनों साथी आगे चले गए, जबकि जीतन नदी में नहाने लगे। कुछ देर बाद जब साथी लौटे तो वह वहां नहीं मिले।
इसके बाद उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन रातभर उनका कोई पता नहीं चल सका। रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे चमारू-कोलबीरा पुल के नीचे नदी से उनका शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इधर, मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि जीतन महतो के साथ गए लोगों ने उनके लापता होने की सूचना परिवार को काफी देर से दी, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की है।
मृतक के भाई ने भी कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। उन्होंने घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने मृतक की नाक से खून निकलने की बात भी कही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जीतन महतो अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी और चार वर्षीय पुत्र हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

