
समाजसेवी राकेश कुमार सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर


Arjun Kumar….✍️
नामकुम(रांची) । बड़ाम पंचायत अंतर्गत जाराटोली निवासी एवं वरिष्ठ समाजसेवी राकेश कुमार सिंह (65 वर्ष) का अस्वस्थ होने के कारण रिम्स, रांची में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
राकेश कुमार सिंह वर्ष 1983 से भारतीय मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े थे और लंबे समय तक सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वे अपने सरल स्वभाव, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। वे अपने पीछे पत्नी एवं दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके अंतिम संस्कार के दौरान उनकी छोटी पुत्री लालसा सिंह ने सामाजिक रूढ़ियों से ऊपर उठते हुए अपने पिता की चिता को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। उनके इस साहसिक कदम की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
अंतिम यात्रा में सैकड़ों ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं परिजनों ने शामिल होकर नम आँखों से उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है । ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

