
दिनदहाड़े डिलीवरी बॉय पर हमला, टोल टैक्स के पास बदमाशों ने पैसे नहीं देने पर बेरहमी से पीटा


रिर्पोटर – जगबंधु महतो
आदित्यपुर टोल टैक्स पर गुंडागर्दी! CCTV में कैद हुई वारदात, बाइक नंबर के सहारे आरोपियों की तलाश में पुलिस
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर टोल टैक्स के समीप रविवार दोपहर करीब तीन बजे दिनदहाड़े एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई। बेखौफ बदमाशों ने पहले युवक का रास्ता रोका, फिर उससे पैसों की मांग की और विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुश टुडू नामक युवक ब्लैंकेट कंपनी में डिलीवरी का कार्य करता है। वह डिलीवरी पूरी कर टोल टैक्स मार्ग से वापस लौट रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और जबरन पैसों की मांग करने लगे। युवक द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
मारपीट के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। खुद को घिरता देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना टोल टैक्स परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले हैं।
घायल कुश टुडू सातबहिनी मेन रोड स्थित शिव मंदिर के सामने किराए के मकान में रहता है और इंडो डेनिश टूल्स रूम (IDTR)के पास स्थित एक ब्लैंकेट कंपनी में कार्यरत है। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की एक मोटरसाइकिल का नंबर JH05DL-4479 स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है। घटना की जानकारी मिलते ही ब्लैंकेट कंपनी के कई कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

