
गम्हरिया में इंटक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बलमुचू का भव्य स्वागत, घायल मजदूर ने सुनाई दर्दभरी दास्तां


रिर्पोटर – जगबंधु महतो
“चार महीने से वेतन नहीं, इलाज भी बंद”… ठेकेदार पर प्रताड़ना का आरोप, इंटक अध्यक्ष से लगाई न्याय की गुहार
गम्हरिया:
गम्हरिया में कांग्रेस एवं इंटक कार्यकर्ताओं ने इंटक के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व राज्यसभा सांसद और बिहार-झारखंड के पूर्व मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू का भव्य स्वागत किया। इंटक के जिला अध्यक्ष सह गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष अनिल ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर और फूल-मालाओं से उनका जोरदार अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान एक मार्मिक मामला सामने आया, जब टाटा स्टील से जुड़े ठेका श्रमिक चंदन पासवान ने इंटक प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह ‘जोस ब्रदर’ ठेकेदार के अधीन कार्यरत था। ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में उसके दाहिने पैर का पंजा कट गया, लेकिन अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं होने के बावजूद ठेकेदार ने डॉक्टरों पर दबाव बनाकर उसे जबरन मेडिकल फिट घोषित करा दिया।
पीड़ित का आरोप है कि पिछले चार महीनों से उसे न तो वेतन दिया गया है और न ही इलाज एवं दवाइयों का खर्च उठाया जा रहा है। इतना ही नहीं, लगातार फोन कर उस पर दोबारा काम पर लौटने का दबाव बनाया जा रहा है। आर्थिक तंगी और इलाज के अभाव में उसका परिवार गंभीर संकट से गुजर रहा है।
मामले को गंभीरता से सुनने के बाद इंटक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने संबंधित प्रबंधन से बातचीत कर उचित समाधान कराने तथा पीड़ित मजदूर को हरसंभव सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला महासचिव राजू रजक, जिला मीडिया चेयरमैन सुमन्त शर्मा, महिला इंटक जिला अध्यक्ष रानी शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष इन्द्र कान्त झा (इशु बाबू), महिला प्रखंड अध्यक्ष उर्मिला देवी, मंडल अध्यक्ष करण मार्डी, बबीता देवी, विनय सिंह, माही शर्मा, रवींद्र यादव समेत बड़ी संख्या में इंटक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

