सेफ्टी टैंक में दफन था हत्या का राज, 48 घंटे में पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
चरित्र पर शक बना मौत की वजह, पत्नी की हत्या कर शव छिपाने वाला पति पुलिस के शिकंजे में
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने सीनी ओपी क्षेत्र में हुए चर्चित महिला हत्याकांड का महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी के चरित्र पर संदेह ने पति को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने पहले गला घोंटकर हत्या की और फिर शव को सेफ्टी टैंक में छिपाकर पूरे मामले को दुर्घटना या गुमशुदगी का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने बताया कि मंगलवार को सीनी ओपी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान के समीप बने सेफ्टी टैंक से सोमवारी हेंब्रम का शव बरामद हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया और वैज्ञानिक तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस की नजर मृतका के पति सोमराय हेंब्रम पर गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच चरित्र पर संदेह को लेकर तीखा विवाद हुआ था। गुस्से में आरोपी ने पहले बिजली के तार से पत्नी का गला घोंट दिया। इसके बाद लोहे की रॉड से सिर पर कई वार कर उसकी मौत सुनिश्चित की और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को निर्माणाधीन मकान के पास बने सेफ्टी टैंक में फेंक दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्य, तकनीकी अनुसंधान और पुलिस टीम की सतर्क कार्रवाई के कारण इस ब्लाइंड मर्डर का सफल उद्भेदन महज दो दिनों में संभव हो सका। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून की गिरफ्त से बच नहीं सकता। इस पूरे अभियान में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडू, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह समेत विशेष जांच दल के अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

