Advertisements
Spread the love

बोलायडीह हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी प्रेम नायक गिरफ्तार

रिपोर्टर : जगबंधु महतो

जगन्नाथ गोप हत्याकांड में जांच तेज, गम्हरिया हाट से दबोचा गया नामजद आरोपी

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप हुए बहुचर्चित जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड में पुलिस को अहम सफलता मिली है। मामले के मुख्य नामजद आरोपी प्रेम नायक को रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है, वहीं उसकी निशानदेही पर फरार अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे गोप पाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई सोनू गोप ने आदित्यपुर थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में शिवम प्रामाणिक, शिबू, गणेश और प्रेम नायक को नामजद आरोपी बनाया था।

परिजनों का आरोप है कि सुबह किसी बात को लेकर गणेश और जगन्नाथ के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद प्रेम नायक जगन्नाथ को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया, जहां कुछ देर बाद उसकी हत्या कर दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ समेत वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच का जिम्मा संभाला। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार में दबिश देकर मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

इधर, इस हत्याकांड ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक की पत्नी का लगभग डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था। अब आठ वर्षीय पुत्र और दो वर्षीय पुत्री के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि इलाके में अब भी दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

You missed