आदित्यपुर के व्यस्त चौराहे पर खूनी हमला, बीच सड़क युवक पर धारदार हथियार से वार, दहशत में लोग

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
RIT मोड़ पर दिनदहाड़े हिंसा से सनसनी, पीछा कर युवक पर हमला, पुलिस जांच में जुटी
आदित्यपुर : आदित्यपुर में एक बार फिर बीच सड़क पर हुई हिंसक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरआईटी मोड़ के समीप शाम के व्यस्त समय में दो युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक ने धारदार हथियार से दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर
अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान घायल युवक जान बचाने के लिए सड़क पर इधर-उधर भागता रहा, जबकि हमलावर उसका पीछा करता हुआ लगातार हमला करने का प्रयास करता रहा। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार पूरा घटनाक्रम बेहद भयावह था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में भी कथित रूप से हमलावर को हथियार लेकर युवक का पीछा करते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल आरआईटी मोड़ स्थित गंगोत्री अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया। घटना के समय घायल के साथ मौजूद एक छोटा बच्चा भी था, जो सौभाग्यवश इस हमले की चपेट में आने से बच गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

