Spread the love

घाटशिला : बिजली समस्या को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय ने सौंपा मांगपत्र 

रिपोर्ट : दीपक नाग 

Advertisements

घाटशिला।भारतीय जनता पार्टी के घाटशिला मंडल की ओर से सोमवार को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर प्रखंड क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। इस दौरान डुमरिया व दामपाड़ा मंडल की ओर से भी अलग-अलग मांगपत्र सौंपे गए।

भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय ने बताया कि घाटशिला प्रखंड के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनियमित बिजली आपूर्ति, जर्जर बिजली तार, क्षतिग्रस्त एवं झुके हुए पोल, ओवरलोड ट्रांसफार्मर तथा कम वोल्टेज जैसी समस्याओं से आम लोग लंबे समय से परेशान हैं। विशेषकर बरसात के मौसम में खुले एवं नीचे लटकते बिजली तारों के कारण करंट लगने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे लोगों एवं पशुओं की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।

भाजपा नेताओं ने 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, जर्जर तारों को बदलकर आधुनिक केबलिंग कराने, क्षतिग्रस्त व झुके हुए बिजली पोलों को बदलने, खराब एवं कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को पर्याप्त क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मरों से प्रतिस्थापित करने, जल-जमाव वाले क्षेत्रों में सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने, मुख्य सड़क, बाजार एवं चौक-चौराहों पर बेहतर विद्युत व्यवस्था एवं स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराने, ग्रामीण क्षेत्रों में कम वोल्टेज व बार-बार होने वाली बिजली कटौती का स्थायी समाधान करने की मांग की। साथ ही बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए 24×7 कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन को प्रभावी बनाने, जिन गांवों एवं मोहल्लों में पर्याप्त बिजली पोल, तार एवं केबलिंग नहीं है वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने, विद्युत लाइनों एवं ट्रांसफार्मरों का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव कराने तथा बरसात एवं आपातकालीन परिस्थितियों में विशेष विद्युत मरम्मत दल की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई।

विजय पांडेय ने कहा कि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होने से ही क्षेत्र की जनता को सुरक्षित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवा उपलब्ध होगी तथा बरसात के मौसम में संभावित विद्युत दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

इस मौके पर भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन मार्डी, घाटशिला के मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय, मंडल प्रभारी विश्वनाथ बेहरा, दामपाड़ा के मंडल अध्यक्ष सौरव हांसदा, दीपक दंडपात, बसंत मदीना, दिलीप पंडा, विवेक महापात्र, गोविंदा बेहरा, मृत्युंजय दंडपात, विश्व मांझी, देवाशीष गिरी, दिलीप कुमार मुर्मू, बबलू हांसदा, लक्ष्मण हांसदा, भरत चंद्र भकत, भूदेव भकत, मुकेश भगत, गौरांगो नायक, काल्टू मन्ना समेत कई भाजपा नेता उपस्थित थे।

You missed