Advertisements
Spread the love

आदित्यपुर के मेडिट्रीना अस्पताल के ICU में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका; सभी मरीज सुरक्षित, बड़ा हादसा टला

रिर्पोटर : जगबंधु महतो

मेडिट्रीना अस्पताल में सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी, ICU वार्ड में लगी आग; दमकल ने एक घंटे में पाया काबू

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना अस्पताल में शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। आग की घटना में अस्पताल को लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि अस्पताल प्रबंधन की तत्परता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से सभी मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
अस्पताल के स्थानीय प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने बिना देर किए आईसीयू में भर्ती सभी मरीजों को अन्य सुरक्षित वार्डों में स्थानांतरित कर दिया। इसके साथ ही अस्पताल में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल झारखंड अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। समय रहते अस्पताल प्रबंधन द्वारा उठाए गए त्वरित कदमों और दमकल कर्मियों की सक्रियता से एक संभावित बड़ी त्रासदी टल गई। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे मरीजों के परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन की तत्परता की सराहना की।