वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा बहाल, कांग्रेस नेता बोले- जनसेवा में जुटे मंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
मुख्यमंत्री के फैसले का कांग्रेस ने किया स्वागत, राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा में फिर जुड़ा अतिरिक्त स्कॉर्ट वाहन
आदित्यपुर। राज्य के वित्त मंत्री एवं सरायकेला-खरसावाँ जिले के प्रभारी मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहा विवाद समाप्त होने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश नारायण चौबे ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सकारात्मक और समयोचित कदम बताया है।
जगदीश नारायण चौबे ने कहा कि राधाकृष्ण किशोर का सार्वजनिक जीवन लंबे संघर्ष, जनसेवा और पारदर्शी कार्यशैली का उदाहरण रहा है। उन्होंने वर्षों तक ऐसे क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया है, जहाँ उग्रवाद और संगठित अपराध जैसी चुनौतियाँ रही हैं। इसके बावजूद उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए लगातार सक्रिय भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ विधायक जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ मंत्री और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने के नाते राधाकृष्ण किशोर को परिस्थितियों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पर्याप्त सुरक्षा मिलना आवश्यक है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा उनकी सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त स्कॉर्ट वाहन को पुनः शामिल करने का निर्णय सरकार की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाता है।
चौबे ने विश्वास जताया कि इस फैसले से मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने प्रशासनिक और जनहित से जुड़े दायित्वों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे। उन्होंने राज्य सरकार के इस निर्णय को जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

