
आदित्यपुर में हार्ट मरीजों को बड़ी राहत, NSMCH में 24×7 कैथलैब शुरू,गरीब मरीजों को इलाज में 50% तक छूट
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया अत्याधुनिक कैथलैब का उद्घाटन, एंजियोग्राफी-एंजियोप्लास्टी समेत कई जटिल हृदय उपचार अब स्थानीय स्तर पर
आदित्यपुर : कोल्हान क्षेत्र के हृदय रोगियों के लिए मंगलवार को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बड़ी सुविधा की शुरुआत हुई। आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएसएमसीएच) में नवनिर्मित अत्याधुनिक कैथलैब का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। उन्होंने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर नई सुविधा को मरीजों के लिए समर्पित किया।
उद्घाटन समारोह में अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सक एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कैथलैब की शुरुआत को क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों और राज्यों की ओर जाने की परेशानी कम होगी।
अस्पताल के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि कैथलैब में एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, पेसमेकर इम्प्लांटेशन समेत हृदय रोग से जुड़ी कई जटिल प्रक्रियाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि कैथलैब की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, ताकि हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
चेयरमैन ने मरीजों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि इलाज के खर्च में गरीब मरीजों को 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य अत्याधुनिक हृदय चिकित्सा सुविधाओं को अधिक से अधिक लोगों तक सुलभ बनाना है। उन्होंने कहा कि हार्ट अटैक के दौरान शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर तत्काल कैथलैब सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को दूसरे शहर ले जाने में लगने वाला समय बचेगा और समय पर उपचार मिलने की संभावना बढ़ेगी। एनएसएमसीएच प्रबंधन के अनुसार कैथलैब शुरू होने से आदित्यपुर, जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर हृदय चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।

