
नामकुम पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को किया गिरफ्तार, लोडेड पिस्टल व चोरी की दो बाइक बरामद
हाईटेंशन ग्राउंड के खंडहर में बैठकर बना रहे थे कथित योजना, लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद
Arjun kumar…..✍️
नामकुम(रांची)। राजधानी रांची में कथित तौर पर बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को नामकुम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लोडेड पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन और फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को 2 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटू उर्फ गुरफान खान अपने साथियों के साथ नामकुम के हाईटेंशन ग्राउंड के पास स्थित एक खंडहर भवन में मौजूद है। सूचना थी कि आरोपी हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस को देखते ही भागने लगे दोनों आरोपी
पुलिस टीम हाईटेंशन ग्राउंड स्थित खंडहर के पास पहुंची तो वहां यामाहा एफजेड और बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। दोनों वाहनों पर एक-एक व्यक्ति बैठकर बातचीत कर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान छोटू उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन, निवासी मौलाना आजाद कॉलोनी, नामकुम, वर्तमान पता पुंदाग के जाकिर कॉलोनी तथा फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटू, निवासी बंगला टोली, आईएसएम चौक, पुंदाग के रूप में हुई। कमर के पीछे छिपा रखा था लोडेड पिस्टल
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान छोटू उर्फ गुरफान खान की कमर के पीछे बाईं तरफ एक पिस्तौल छिपाकर रखी मिली। पिस्तौल में मैगजीन लगी थी और उसमें तीन जिंदा कारतूस थे। कारतूस के निचले हिस्से पर KF 7.65 अंकित पाया गया। पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलें भी जब्त कर लीं। इनमें यामाहा एफजेड (JH-02BD-4001) और बुलेट (JH-01DK-8438) शामिल हैं । हिंदपीढ़ी और मौलाना आजाद कॉलोनी से चोरी की थीं बाइक पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल हिंदपीढ़ी इलाके से चोरी की गई थी, जबकि बुलेट मोटरसाइकिल इसी वर्ष अगस्त में मौलाना आजाद कॉलोनी से चोरी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हथियार का इस्तेमाल छिनतई और लूटपाट जैसी घटनाओं में किए जाने की बात भी बताई है। पुलिस अब बरामद हथियार, मोटरसाइकिलों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।
छोटू पर 17 और फरमान पर चार मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, छोटू उर्फ गुरफान खान के खिलाफ नामकुम, हिंदपीढ़ी, सदर, लोअर बाजार, लालपुर, कोतवाली, पुंदाग, अरगोड़ा और रातू थाना क्षेत्रों में कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और छिनतई से जुड़े मामले शामिल हैं।
वहीं, फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटू के खिलाफ जगन्नाथपुर, अरगोड़ा और डेली मार्केट थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी और छिनतई के चार मामले दर्ज हैं।
नामकुम थाना में प्राथमिकी, अन्य आरोपियों की तलाश
इस मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 272/26, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5), 309(4), 62 और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a), 26 और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का नेटवर्क किन-किन आपराधिक घटनाओं से जुड़ा रहा है। छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम), नामकुम थाना प्रभारी, दारोगा सोनू कुमार दास, शशि रंजन, जयदेव कुमार सराक समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
