
चाकुलिया: आयुष विभाग द्वारा दो जगहों पर लगाया गया स्वास्थ्य शिविर, 330 लोगों की हुई जांच
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार को जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकुल दीक्षित के निर्देश पर दो स्थानों पर आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर कोलकाता पिंजरापोल सोसाइटी की गौशाला परिसर में और नागा बाबा मंदिर के समीप लगाया गया. इस दौरान कुल 330 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं.

गौशाला परिसर में आयोजित शिविर में डीपीएम आयुष डॉ. निशांत प्रिय, आयुष चिकित्सक डॉ. जगमोहन महतो और डॉ. परमजीत कुमार ने 169 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की. वहीं, नागा बाबा मंदिर के समीप आयोजित शिविर में डॉ. रणधीर कुमार और डॉ. सीमा झा ने 161 लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां प्रदान कीं.

शिविर में स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया. इस पहल का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा.

इस मौके पर जिला के स्वास्थ्यकर्मी मथुरा सेठ, दीप्ति रानी पाल, आशिम पाल, मामोनी सिंह सरदार, अंजली सोरेन, शिल्पी दास समेत अन्य उपस्थित थे.
