
चाकुलिया: स्वच्छता ही सेवा के तहत नगर पंचायत कार्यालय में साइकिल प्रतियोगिता आयोजित, विजेता हुए पुरस्कृत
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
भारत सरकार एवं राज्य शहरी विकास अभिकरण, नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गुरुवार को चाकुलिया नगर पंचायत परिसर में सोलो साइकिल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के विद्यार्थियों के साथ संवेदकों और पत्रकारों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया.

साइकिल प्रतियोगिता के बालक वर्ग में आईटीआई के विजय महतो ने प्रथम, आईटीआई के शुभ मुंडा ने द्वितीय तथा केएनजे के छात्र आकाश हेम्ब्रम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं, बालिका वर्ग में केएनजे की रुबीना सरदार प्रथम, मॉडल स्कूल की चीता रानी मुर्मू द्वितीय तथा केएनजे की चीता मांडी तृतीय स्थान पर रहीं.

संवेदकों एवं पत्रकारों के बीच आयोजित सोलो साइकिल प्रतियोगिता में सुरेश सिंह ने प्रथम, मिन्हाज अख्तर ने द्वितीय तथा विश्वकर्मा सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया.

इसके अलावा बिंदी प्रतियोगिता में केएनजे की छात्राओं रुनु बारिक, ज्योति बारिक और चंद्रकांति दलाई को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया.

स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, निबंध, रंगोली तथा कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया. इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है. कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देते हुए लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया.
