
रांची कैटल फीड ट्रेडर्स एसोसिएशन की नई टीम ने ली शपथ, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का संकल्प
Arjun Kumar …✍️
रांची । रांची कैटल फीड ट्रेडर्स एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति ने बुधवार को चैंबर भवन में आयोजित समारोह में शपथ ली। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष शिव कुमार बिड़ला, सचिव प्रकाश मोदी, कोषाध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल सहित 11 कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
अपर बाजार की समस्याएं उठाने की तैयारी
एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिव कुमार बिड़ला ने कहा कि संगठन पिछले नौ वर्षों से झारखंड चैंबर की संबद्ध संस्था है। चैंबर के सहयोग से व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को गति मिलेगी। उन्होंने अपर बाजार में नो-एंट्री, तिपहिया वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध, पार्किंग की समस्या, जलजमाव तथा पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही, पंडरा बाजार समिति में कैटल फीड व्यवसायियों को दुकानें आवंटित कराने के लिए भी पहल की जाएगी।
पशु आहार की गुणवत्ता और सही वजन पर जोर
शिव कुमार बिड़ला ने कहा कि एसोसिएशन पशु आहार की गुणवत्ता और सही वजन सुनिश्चित करने के साथ व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए काम करेगा। आपसी प्रतिस्पर्धा से होने वाले नुकसान को कम करने और व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
झारखंड चैंबर ने दिया सहयोग का भरोसा
झारखंड चैंबर के अध्यक्ष तुलसी पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई दी। उन्होंने एसोसिएशन की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में झारखंड चैंबर के उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा एवं पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग सहित एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य और अन्य व्यापारी उपस्थित थे।
