
चाकुलिया: मानस चतु:शती स्वर्ण जयंती समारोह को लेकर भूमि पूजन संपन्न, 23 नवंबर से सात दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित स्टील फैक्ट्री परिसर में बुधवार को विजयादशमी के अवसर पर मानस चतु:शती के स्वर्ण जयंती समारोह को लेकर भूमि पूजन संपन्न हुआ. वर्ष 1976 में आयोजित मानस चतु:शती समारोह के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आगामी 23 से 29 नवंबर तक सात दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा.
भूमि पूजन कार्यक्रम की शुरुआत शांति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की बहनों द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति और हनुमान चालीसा के पाठ से हुई. पुजारी श्रवण शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन संपन्न कराया. इस दौरान यजमान के रूप में रवि झुनझुनवाला अपनी पत्नी के साथ उपस्थित रहे.

राम कथा, यज्ञ और अखंड हरिनाम कीर्तन होंगे मुख्य आकर्षण
आयोजन समिति के अनुसार, सात दिवसीय समारोह में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम के दौरान सीताराम शास्त्री द्वारा सप्ताहव्यापी राम कथा का वाचन किया जाएगा. इसके अलावा यज्ञ, अखंड हरिनाम कीर्तन, राम दरबार पूजन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कलश यात्रा और महाआरती का आयोजन होगा. रामायण की चौपाइयों पर आधारित अंताक्षरी भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगी.
28 नवंबर को प्रज्वलित होंगे 1.25 लाख दीप
समारोह का विशेष आकर्षण 28 नवंबर को 1.25 लाख दीप प्रज्वलित करने का कार्यक्रम होगा. इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है. आयोजकों को उम्मीद है कि सात दिवसीय धार्मिक समारोह में चाकुलिया और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे.
1976 के ऐतिहासिक आयोजन के 50 वर्ष पूरे
आयोजन समिति के अनुसार, गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस की रचना के 400 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वर्ष 1976 में स्टील फैक्ट्री परिसर में मानस चतु:शती यज्ञ आयोजित किया गया था. उस समय देश के विभिन्न संत-महात्माओं ने इसमें भाग लिया था. अब उस ऐतिहासिक आयोजन के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है.
भूमि पूजन में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
भूमि पूजन कार्यक्रम में राजा झुनझुनवाला, रवि झुनझुनवाला, अशोक झुनझुनवाला, सुनील झुनझुनवाला, दुर्गा दत्त लोधा, गणेश प्रसाद रुंगटा, दीपक कुमार झुनझुनवाला, शंकर रुंगटा, रवींद्रनाथ मिश्रा, कमल रुंगटा, दिनेश सिंह, जुगल किशोर क्याल, राजेश कुमार लोधा, सुभाष लोधा, आलोक लोधा, मुरारी लाल शर्मा, नीलू खंडेलवाल, अनिल केडिया और दीपू लोधा समेत हनुमंत लाल के अनेक महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे.
