Advertisements
Spread the love

शहीद अजित-धनंजय महतो को नमन, 44 साल बाद भी नौकरी के इंतजार में परिवार; हरेलाल महतो ने उठाई आवाज

 

अजित-धनंजय महतो के शहादत दिवस पर हरेलाल महतो के नेतृत्व में निकली विशाल बाइक रैली, तिरुलडीह गोलीकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

 

झारखंड आंदोलन के शहीद अजित महतो और धनंजय महतो के बलिदान को याद करते हुए भाजपा नेता हरेलाल महतो ने बुधवार को विशाल बाइक रैली निकाली। तिरुलडीह गोलीकांड के शहीदों के शहादत दिवस पर निकली इस रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। चांडिल के कुरली से शुरू हुई रैली चौका मोड़, चोगा, आदारडीह होते हुए तिरुलडीह स्थित शहीद स्थल पहुंची। यहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद रैली कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय पहुंची और अंत में सिरुम शहीद चौक पर संपन्न हुई। इस दौरान शहीद धनजंय महतो की पत्नी बारी देवी और सुपुत्र उपेन महतो भी शामिल थे।

इस दौरान भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिरुलडीह शहीद चौक पर शहीद अजित महतो और धनंजय महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। रैली के दौरान ‘शहीद अजित-धनंजय महतो अमर रहें’, ‘झारखंड के तमाम शहीद अमर रहें’ और ‘जय झारखंड’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

44 साल बाद भी नौकरी और सम्मान का इंतजार

शहादत दिवस पर भाजपा नेता हरेलाल महतो ने शहीद परिवारों को सरकारी नौकरी और उचित सम्मान नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शहीद परिवार को नौकरी देने के कई आश्वासन दिए गए, लेकिन 44 साल बीत जाने के बाद भी वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के परिवारों को सम्मान और सरकारी सहायता मिलनी चाहिए थी, लेकिन आज भी उन्हें इसके लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

हरेलाल महतो ने बताया कि उन्होंने अपने निजी खर्च से शहीद धनंजय महतो के परिवार के लिए पक्का मकान बनवाया है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवार की सहायता के लिए वह आगे भी हरसंभव प्रयास करते रहेंगे।

भाजपा-एनडीए सरकार बनने पर बड़े सम्मान का ऐलान

हरेलाल महतो ने घोषणा की कि भविष्य में भाजपा-एनडीए गठबंधन की सरकार बनने पर शहीद अजित-धनंजय महतो के परिवारों के साथ-साथ तिरुलडीह गोलीकांड में घायल हुए और जेल गए आंदोलनकारियों को भी बड़े स्तर पर सम्मान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शहीदों के बलिदान और आंदोलनकारियों के संघर्ष को झारखंड के इतिहास की अमूल्य धरोहर बताया।

शहादत दिवस पर निकली बाइक रैली और श्रद्धांजलि कार्यक्रम के जरिए शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ उनके परिजनों के सम्मान, सरकारी सहायता और रोजगार के अधूरे वादों का मुद्दा भी चर्चा में रहा।

इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री डॉ. भूषण मुर्मू, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष मनोरंजन महतो, सुषेण महतो, चांडिल मण्डल अध्यक्ष जगदीश महतो, चौका मण्डल अध्यक्ष चामु राम भुइयां, ईचागढ़ पूर्वी मंडल अध्यक्ष शिशिर प्रमाणिक, ईचागढ़ पश्चिम मंडल अध्यक्ष कामदेव नायक, आकाश महतो, युवा मोर्चा जिला महामंत्री युधिष्ठिर महतो, मोतीलाल कुमार, उमापद महतो, चांडिल पूर्वी मंडल महामंत्री नित्यानंद कुम्भकार, महामंत्री चंदन कुमार सिंह, सचिदानंद महतो, गणेश महतो, यदुपति गोप, अजित सिंह मुंडा, खगेन महतो, गौरी लायक, अरुण महतो, गोपेश महतो, कामदेव महतो, नंदन कुंज पात्र, राम प्रसाद महतो, अजित प्रमाणिक समेत भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

You missed