Advertisements
Spread the love

खरसावां : पुलिस की कार्रवाई, देशी कट्टा और लोडेड गोली के साथ युवक गिरफ्तार

रिर्पोटर : जगबंधु महतो 

# एंटी क्राइम जांच में पकड़ा गया संदिग्ध, चाकू-मोबाइल और बाइक भी जब्त

३० अक्टूबर : खरसावां क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे एंटी क्राइम अभियान के दौरान खरसावां पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, लोडेड जिंदा गोली, धारदार चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस अब आरोपी के पास हथियार पहुंचने के स्रोत और उसके संभावित इस्तेमाल को लेकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान +2 हाईस्कूल खरसावां के समीप एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई। इस दौरान उसके पास से अवैध देशी कट्टा मिला, जिसमें एक जिंदा गोली लोड थी। तलाशी में एक धारदार चाकू और गहरे नीले रंग का सैमसंग मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।

गिरफ्तार युवक की पहचान रायजामा गांव निवासी 30 वर्षीय दुबु सरदार के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से मोटरसाइकिल संख्या JH-05A-0678 को भी जब्त किया है।

खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध खरसावां थाना कांड संख्या 54/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धारा 25(1-एए)/26 में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथियार कहां से हासिल किया था और उसके पास इसे रखने का क्या उद्देश्य था।

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र प्रसाद सिंह, हवलदार अजय कुजूर, आरक्षी सनातन महतो और आरक्षी महेश रविदर शामिल थे। पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए क्षेत्र में जांच और गश्ती अभियान आगे भी जारी रहेगा।

You missed