Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: स्वामी विवेकानंद आईटीआई में थाना प्रभारी राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह 

चाकुलिया नगर पंचायत स्थित स्वामी विवेकानंद आईटीआई परिसर में शुक्रवार को थाना प्रभारी राजेश कुमार ने संस्थान के प्रशिक्षुओं को विभिन्न प्रकार के अपराधों के प्रति जागरूक किया. इस दौरान उन्होंने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न एवं बाल अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं.

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट एवं क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं. ऐसे में सभी को सतर्क रहने की जरूरत है. किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर अपनी निजी जानकारी, बैंक संबंधी विवरण अथवा ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहते हुए गलत गतिविधियों और अपराधों से दूर रहना चाहिए. समाज में बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 तथा किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है

उन्होंने सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें तथा यातायात नियमों का पालन करें.

कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी ने संस्थान के प्राचार्य तरुण कुमार मोहंती को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया. इस मौके पर संस्थान के प्रशिक्षक पिजूस पात्र, राजन पाल, बसंत महतो, राजू महतो, राम मुर्मू, दीपक नायक, नृपेन्द्र महतो, शुक्ला मोहंती आदि उपस्थित थे.

You missed