
घाटशिला : बासंती प्रसाद सिंह के निधन पर झामुमो परिवार शोकाकुल
दीपक नाग …✍️
∆ बासन्ती प्रसाद सिंह के निधन पर झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि.
पंचायत बड़ाखुर्शी के पूर्व मुखिया, पूर्व शिक्षक, पैरागुरी गांव के ग्राम प्रधान एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व जिला सदस्य श्री बासन्ती प्रसाद सिंह के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
उनके निधन पर पूर्वी सिंहभूम जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन शनिवार को गालूडीह क्षेत्र के पैरागुरी स्थित उनके आवास पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत बासन्ती प्रसाद सिंह के अंतिम दर्शन किए तथा उनके पार्थिव शरीर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का पार्टी ध्वज ओढ़ाकर नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विक्टर सोरेन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बासन्ती प्रसाद सिंह का संपूर्ण जीवन जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा, सद्भावना और मिलनसार व्यक्तित्व का प्रेरणादायक उदाहरण रहा। उन्होंने शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं ग्राम प्रधान के रूप में समाज के प्रति महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल स्वभाव, सेवा भावना और आदर्श विचार सदैव लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। उनका निधन समाज एवं संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।
जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने उनके आत्मा के शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना किया। और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना किया।
इस दौरान श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जिला सचिव रतन महतो, ईश्वर से बदल किस्कू, ओमनी महतो, नीलकांत महतो, मंटू महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
