Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: नगर पंचायत में बकाया भुगतान को लेकर संवेदकों ने सौंपा ज्ञापन

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं का कार्य करने वाले संवेदकों ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर शनिवार को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा. संवेदकों ने बताया कि कई महीनों से उनका भुगतान लंबित है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

ज्ञापन में संवेदकों ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य कराया गया है. कार्य पूरा करने के बावजूद उन्हें अब तक भुगतान नहीं मिला है. कार्य के दौरान निर्माण सामग्री बाजार से उधार लेकर खरीदी गई थी. भुगतान नहीं होने के कारण वे दुकानदारों का बकाया भी नहीं चुका पा रहे हैं.

संवेदकों ने कहा कि बाजार के दुकानदारों द्वारा लगातार बकाया राशि की मांग की जा रही है. वहीं, भुगतान नहीं मिलने से घरेलू खर्च चलाने में भी परेशानी हो रही है. आगामी त्योहारों के मद्देनजर उनकी आर्थिक स्थिति और भी कठिन हो गई है.

संवेदकों ने नगर पंचायत प्रशासन से बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान नहीं होने से भविष्य में विकास योजनाओं का कार्य करने में भी कठिनाई होगी.

इस मौके पर संवेदक मुकेश सिंह, रामकुमार सिंह, मिन्हाज अख्तर, शुभम दास, चिन्मय शर्मा, अमरप्रीत सिंह, निकुंज लोधा आदि उपस्थित थे.

You missed