
बीसा के पूर्व सरपंच स्वर्गीय धनीराम पाहन की बनेगी प्रतिमा, सांसद संजय सेठ ने दी सहमति
Arjun Kumar….✍️
अनगड़ा(रांची) । बीसा गांव के पूर्व सरपंच स्वर्गीय धनीराम पाहन की स्मृति को संरक्षित करने की पहल शुरू हुई है। उनकी प्रतिमा निर्माण के प्रस्ताव पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने सहमति जताई है।
दीपावली के अवसर पर रांची जिला ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष सह बीसा ग्राम प्रधान उमेश कुमार बड़ाईक अपने सहयोगियों के साथ सांसद संजय सेठ के आवास पहुंचे। इस दौरान सांसद ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान उमेश बड़ाईक ने स्वर्गीय धनीराम पाहन की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सांसद ने सहमति प्रदान की।
संजय सेठ ने कहा कि स्वर्गीय धनीराम पाहन जैसे सामाजिक योगदान देने वाले लोगों की स्मृतियों को संजोकर रखना जरूरी है। उनकी प्रतिमा निर्माण के प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
उमेश कुमार बड़ाईक ने कहा कि स्वर्गीय धनीराम पाहन का बीसा गांव के प्रति महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी प्रतिमा स्थापित होना गांव के लिए सम्मान की बात होगी। सांसद की सहमति से इस पहल को आगे बढ़ाने की उम्मीद जगी है।
इस दौरान स्वर्गीय धनीराम पाहन के बड़े पुत्र महिलाल पाहन, बलकराम पाहन, सालिगराम बड़ाईक, करण बड़ाईक, अजय भोगता, बसंत बड़ाईक, पकलू बड़ाईक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
