Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: नहाय -खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, पूजन सामग्री और फलों की खरीदारी तेज

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
लोक आस्था, अटूट श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार को नहाय- खाय के साथ शुरू हो गया. इस दिन व्रती सुबह स्नान कर घर और रसोई की साफ-सफाई की. इसके बाद पूरी शुद्धता और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कद्दू की सब्जी, अरवा चावल का भात और चने की दाल तैयार की गई. भगवान सूर्य को भोग अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई और फिर व्रतियों सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया. इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व के कठिन और आस्था से भरे अनुष्ठान का विधिवत आगाज हो गया. छठ पर्व को लेकर चाकुलिया के बाजार सज गए हैं. पर्व की तैयारियों को लेकर श्रद्धालु पूजन सामग्री और फलों की खरीदारी में जुट गए हैं. बाजार में सुबह से ही छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है.

वहीं, बाजार में खरीदारी को लेकर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. दुकानदारों ने छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्रियों से अपनी दुकानें सजा रखी हैं. व्रती पूजा में उपयोग होने वाली हर छोटी-बड़ी सामग्री की सूची बनाकर खरीदारी करते नजर आए. बाजार में नारियल और केले की भारी मांग को देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही पर्याप्त मात्रा में फलों का इंतजाम किया है.

छठ पर्व में सूप, नारियल, केला सहित अन्य पूजन सामग्रियों का विशेष महत्व है. इसे देखते हुए दुकानदारों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. दूसरी ओर, छठ गीतों से भी पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है. नए कलाकारों द्वारा छठ गीत प्रस्तुत किए जाने के बावजूद लोग आज भी स्वर कोकिला शारदा सिन्हा के पारंपरिक छठ गीतों को अधिक पसंद कर रहे हैं. सुबह होते ही घरों में छठ गीतों की गूंज सुनाई देने लगती है. इससे पूरा क्षेत्र छठमय नजर आ रहा है.

You missed