
घाटशिला : मंच ‘सक्रिय संवेदना’ ने घाटशिला शहरी क्षेत्र के अव्यवस्थित ड्रेनेज पर कहा
दीपक नाग … ✍️
बौद्धिक मंच ‘सक्रिय संवेदना’ ने घाटशिला शहरी क्षेत्र की बदहाल जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था और जाम नालियों की समस्या को लेकर एक बार फिर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है।
संस्था के सह-संयोजक विजय कुमार पाण्डेय ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त (जमशेदपुर) को पत्र संख्या SS011/2026 (दिनांक 16.11.2026) प्रेषित कर इस गंभीर नागरिक समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। इससे पूर्व भी संस्था द्वारा 26 सितंबर 2026 को इस विषय पर पत्र भेजा गया था। उपायुक्त को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि, घाटशिला अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण सैलानियों और स्वास्थ्य साधकों का पसंदीदा स्थल रहा है, लेकिन वर्तमान में यहां का नागरिक जीवन प्रशासनिक उपेक्षा के कारण दयनीय हो गया है। शहरी क्षेत्र की नालियां वर्षों से जाम हैं और कचड़ा निष्पादन का केंद्र बन चुकी हैं। खासकर बारिश के दिनों में नालियों के ओवरफ्लो होने से सड़कों पर गंदा पानी और मल-मूत्र फैल जाता है। जिससे जन स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
संस्था ने इस बात पर भी चिंता जताई है कि इस व्यवस्था के लिए जिम्मेदार विभाग और अधिकारियों की स्पष्ट जानकारी तक आम जनता को नहीं है।

प्रो. मित्रेश्वर के अनुसार एक पर्यटन और स्वास्थ्य केंद्र के रूप में प्रसिद्ध घाटशिला में बुनियादी नागरिक सुविधाओं का इस कदर चरमरा जाना बेहद चिंताजनक है। अवरुद्ध नालियां न केवल शहर की छवि धूमिल कर रही हैं, बल्कि गंभीर बीमारियों को भी न्योता दे रही हैं। प्रशासन को अविलंब इसकी जवाबदेही तय कर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
