
दुमका : मामूली विवाद में पिता ने की पुत्र की हत्या, मामले की जांच में जुटी पुलिस
रिपोर्ट : मौसम गुप्ता
दुमका : हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिलठा गांव में मामूली विवाद में एक पिता ने अपने पुत्र की जान ले ली। पिता गोवर्धन मांझी ने अपने 25 वर्षीय महेश मांझी की कुदाल से वार कर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के पिता गोवर्धन मांझी और मां फूलो देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की मां फूलो देवी के अनुसार, घर में खाना खाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। उन्होंने बेटे महेश को खाना निकालकर दिया, लेकिन उसने खाना फेंक दिया। इसके बाद वह अपनी मां के साथ मारपीट करने लगा। बेटे को मां के साथ मारपीट करते देख पिता गोवर्धन मांझी का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि उन्होंने घर में रखी कुदाल से महेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से महेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया।
