
चाकुलिया: नगर पंचायत के सभी वार्डों में वार्ड समितियों के गठन की मांग, कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में वार्ड समितियों (वार्ड कमेटी) का गठन करने की मांग को लेकर शुक्रवार को स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से भारतीय संविधान के अनुच्छेद 243 एस तथा झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 की धारा 34 के प्रावधानों के तहत वार्ड समितियों का गठन शीघ्र कराने की मांग की गई. ज्ञापन में कहा गया है कि स्थानीय स्वशासन में आम नागरिकों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा वार्ड स्तर पर विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए वार्ड समितियों का गठन आवश्यक है. इसके गठन से स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं में अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा. ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की धारा 34 के अनुसार नगर निकाय के प्रत्येक वार्ड में वार्ड समिति का गठन अनिवार्य है. समिति में निर्वाचित वार्ड पार्षद अध्यक्ष होंगे.

इसके अलावा क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों और समाज कल्याण से जुड़े प्रतिनिधियों को भी शामिल करने का प्रावधान है. वार्ड समिति के माध्यम से वार्ड में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, नालियों के रखरखाव तथा विभिन्न विकास योजनाओं की निगरानी की जा सकेगी. साथ ही आवास, पेंशन और राशन जैसी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान करने में भी समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. ज्ञापन सौंपने वाले लोगों ने कहा कि वार्ड समितियों के गठन से स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और आम नागरिकों की आवाज सीधे नगर प्रशासन तक पहुंचेगी. उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी से सभी वार्डों में समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक वार्ड में सात दिनों के अंदर वार्ड समिति गठन करने की मांग रखी गई.

इस मौके पर गोपन पड़ीहारी, प्रियगोपाल मंडल, विशाल बारिक,तरुण बेरा, देवाशीष दास, मनोज महातो, सुभम दास, प्राणव बेरा, बिश्वाजीत भोल, हिमांगशू दास, बबलू बेरा, संजय सिंह, मनीष कुमार, मो. मिराज, दिनेश बारिक आदि उपस्थित थे.
