Advertisements
Spread the love

94.25 लाख का पैकेज और 95 फीसदी प्लेसमेंट; एनआईटी के दीक्षांत में अशोक भगत व अच्युत सामंत को डी.लिट्.सम्मानित

रिपोर्टर : जगबंधु महतो

जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में 29 नवंबर को 16वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में संस्थान के 1,224 छात्र-छात्राओं को विभिन्न शैक्षणिक उपाधियों से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, शिक्षा, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विकास भारती के सचिव अशोक भगत तथा KIIT डीम्ड विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व सांसद प्रो. डॉ. अच्युत सामंत को मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स (डी.लिट्.) की उपाधि प्रदान की जाएगी।

समारोह को लेकर शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन सुनील अलघ, संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, डीन एकेडमिक प्रो. एम.के. सिन्हा और प्रभारी कुलसचिव डॉ. सरोज कुमार सारंगी ने कार्यक्रम की तैयारियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास शामिल होंगे। इसके अलावा कई शिक्षाविद, वैज्ञानिक और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी रहेगी। इस वर्ष उपाधि प्राप्त करने वालों में 736 बीटेक, 184 एमटेक, 112 एमसीए, 100 एमएससी, 90 पीएचडी और दो एम.डिजाइन के विद्यार्थी शामिल हैं। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए कुल 23 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। स्नातक वर्ग में रितिशा रंजन तथा स्नातकोत्तर वर्ग में अमिय रंजन कबी स्वर्ण एवं रजत दोनों पदक हासिल करेंगे। अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह के साथ संस्थान की प्लेसमेंट उपलब्धियां भी चर्चा का विषय हैं। स्नातक स्तर पर 95.11 प्रतिशत प्लेसमेंट के तहत 661 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इनमें सर्वाधिक पैकेज 94.25 लाख रुपये तथा औसत पैकेज 14.36 लाख रुपये रहा। वहीं, 14 विद्यार्थियों को 50 लाख रुपये से अधिक का पैकेज मिला है। स्नातकोत्तर स्तर पर भी 263 विद्यार्थियों को रोजगार मिला है, जिनका अधिकतम पैकेज 46 लाख रुपये रहा। एनआईटी जमशेदपुर का यह दीक्षांत समारोह न केवल विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक प्रतिष्ठा और रोजगार के क्षेत्र में सफलता को भी रेखांकित करेगा।

You missed