
गोपीकांदर में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर चाकू से जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता
दुमका । गोपीकांदर थाना क्षेत्र के भद्रादिग्घा गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामजन हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सुमीत कुमार भगत ने बताया कि घटना 28 अक्टूबर की रात लगभग 12 बजे की है। आरोपी रामजन हेम्ब्रम (पिता – स्वर्गीय चुड़का हेम्ब्रम, निवासी – मधुवन, थाना गोपीकांदर) ने गांव की ही 70 वर्षीय महिला मुनी सोरेन (पति – स्वर्गीय चुड़का हेम्ब्रम) पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
गंभीर रूप से घायल मुनी सोरेन को फुलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 31 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।
इस संबंध में मृतका की पुत्री श्रीफुल्ह हेम्ब्रम के फर्द बयान पर गोपीकांदर थाना कांड संख्या 34/2025, दिनांक 01.11.2025, धारा 103 (1), भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में 1 नवंबर को शाम करीब 6:40 बजे आरोपी को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर 2 नवंबर की सुबह 8:56 बजे भद्रादिग्घा गांव से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया।
छापामारी दल में गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमीत कुमार भगत, पुलिस अवर निरीक्षक मनोज सोरेन, धारमाल माझी, हवलदार सूरज टुडू, आरक्षक पौलूस हेम्ब्रम, अनुप बाउरी एवं मृत्युंजय भगत शामिल थे ।

