Spread the love

आरका जैन यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर दबंगई और लापरवाही के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन, बसों को रोक जल्द सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

Advertisements
Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

गम्हरिया (सरायकेला )  । गम्हरिया थाना क्षेत्र के केपीएस मोड़ पर सोमवार को आरका जैन यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी की बसों को रोकते हुए प्रबंधन पर दबंगई और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।

भोमरा मांझी ने बताया कि बीते शुक्रवार को यूनिवर्सिटी की बस में बैठी एक छात्रा ने सेब का छिलका सड़क पर फेंक दिया, जिससे पीछे चल रहे एक ग्रामीण के चेहरे पर चोट लग गई। जब ग्रामीण ने आपत्ति जताई तो छात्रा ने धमकी भरे लहजे में कहा कि “मैं अपने पापा से कहकर सबक सिखाऊंगी।” इस घटना की शिकायत झामुमो प्रतिनिधियों ने यूनिवर्सिटी में की, लेकिन प्रबंधन की ओर से अंगद तिवारी ने उन्हें धमकाया और बाहर निकाल दिया।

मांझी ने कहा कि प्रबंधन की इस दबंगई और बस चालकों की लापरवाही के कारण स्थानीय लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले भी इसी मार्ग पर एक ग्रामीण भरत मंडल की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद बस चालक ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जल्द सुधार नहीं किया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की, तो झामुमो कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल बसों को प्रतीकात्मक रूप से रोका गया और छात्रों को किसी प्रकार की बाधा नहीं पहुंचाई गई।

 

You missed