
आदित्यपुर में पत्रकार पर जानलेवा हमला,पार्किंग विवाद में सुभाष यादव परिवार पर गंभीर आरोप, पत्रकार व परिजन घायल

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
आदित्यपुर । आदित्यपुर थाना क्षेत्र के हरिओम नगर में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक पत्रकार और उनके परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित पत्रकार अंकित शुभम सहित उनके पिता, माता और बहन इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि वाहन पार्किंग को लेकर हुई मामूली बहस के बाद सुभाष यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पत्रकार अंकित शुभम को घेरकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान अंकित शुभम के पिता ने बेटे को बचाने की कई बार कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने चार पहिया वाहन से कुचलकर जान से मारने की भी कोशिश की। आसपास के लोगों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। हमले के बाद सोने की चेन छीनने का भी प्रयास किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुभाष यादव का मकान गली के अंतिम छोर पर है, जहां आए दिन वाहन खड़े करने को लेकर विवाद होता रहता है। आरोप है कि सुभाष यादव ने अपने रिश्तेदार, सीआरपीएफ जवान संजीव कुमार को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने घर में घुसकर मारपीट की। स्थानीय निवासियों के अनुसार सुभाष यादव का व्यवहार अक्सर उग्र रहता है और वह कई बार मनमाने तरीके से खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाते हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पार्किंग को लेकर नोकझोंक के बाद मारपीट की बात सामने आई है। आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि अंकित शुभम को गंभीर चोटें आई हैं, विशेषकर नाक से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि घटना के बाद जब मीडिया मौके पर कवरेज के लिए पहुंची, तब भी आरोपित पक्ष द्वारा पत्रकारों के साथ बदतमीजी किए जाने की बात सामने आई है।

