गम्हरिया में किशोर कुमार की 97वीं जयंती पर सजी सुरों की महफिल, अनिल ठाकुर बोले– अमर है स्वर सम्राट की विरासत


रिर्पोटर – जगबन्धु महतो
किशोर कुमार के सदाबहार गीतों से गूंजा गम्हरिया, सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां
गम्हरिया: स्वर सम्राट एवं भारतीय सिनेमा के महान पार्श्वगायक किशोर कुमार की 97वीं जयंती पर गम्हरिया स्थित भारती विविध कला मंदिर में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जहां कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को सुरमयी बना दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि इंटक जिला अध्यक्ष एवं गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन समिति ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वहीं इंटक जिला महासचिव राजू रजक का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में अनिल ठाकुर ने कहा कि किशोर कुमार केवल एक पार्श्वगायक नहीं, बल्कि भारतीय संगीत जगत की ऐसी अमर पहचान हैं जिनकी आवाज़ समय की सीमाओं से परे हर पीढ़ी को समान रूप से आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान कलाकारों की जयंती मनाना उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है और इससे युवाओं को भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और पूरा सभागार सुरों की मधुर लहरियों से गूंज उठा।
इस अवसर पर इंटक महिला जिला अध्यक्ष रानी शर्मा, उर्मिला देवी मंडल, संजीव कुमार दास, अर्जुन दास, कोसा अध्यक्ष अर्जुन दास, छोटा गम्हरिया वार्ड पार्षद अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और संगीत प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन स्वर सम्राट किशोर कुमार को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संगीत और भारतीय फिल्म जगत में दिए गए अतुलनीय योगदान को नमन के साथ किया गया।

