Advertisements
Spread the love

आपसी विवाद के बाद पत्नी बच्चे को लेकर मायके रवाना, थाना परिसर में हुआ समझौता प्रयास

Advertisements

Arjun Kumar Pramanik…….✍️

अनगड़ा(राँची) । धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्राहमडीहा गांव निवासी संजय प्रमाणिक एवं उनकी पत्नी करिश्मा कुमारी के बीच पिछले लगभग तीन वर्षों से आपसी मनमुटाव  चला आ रहा है। दोनों का विवाह 21 अप्रैल 2019 को हुआ था। दंपति का एक 6 वर्षीय पुत्र अयांश प्रमाणिक है। आपसी तालमेल की कमी, मनमुटाव एवं लगातार हो रही कहासूनी के कारण दोनों पति-पत्नी लंबे समय से अलग-अलग रह रहे थे । इसी क्रम में कुछ दिन पूर्व पुत्र अयांश को उसके पिता संजय प्रमाणिक अपने साथ घर ले गए थे, जिसके बाद पारिवारिक विवाद और गंभीर हो गया। सोमवार, 9 फरवरी 2026 को यह मामला अनगड़ा थाना परिसर पहुंचा, जहां सामाजिक स्तर पर समझौते का प्रयास किया गया। इस दौरान अनगड़ा प्रखंड उप-प्रमुख जयपाल हजाम, चिलदाग पंचायत समिति सदस्य रब्बानी राज एवं थाना प्रभारी गौतम रजवार की मौजूदगी में दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। थाना परिसर में पति संजय प्रमाणिक के साथ उनके पिता एवं भाई उपस्थित थे, वहीं पत्नी करिश्मा कुमारी के साथ उनकी मां एवं बहनें मौजूद रहीं। इस दौरान संजय प्रमाणिक ने कहा कि वे अपनी पत्नी करिश्मा कुमारी एवं पुत्र अयांश को साथ रखना चाहते हैं और पारिवारिक जीवन को पुनः सामान्य रूप से जीने की इच्छा रखते हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहा है कि परिवार एक साथ रहे और बच्चा माता-पिता दोनों के सान्निध्य में पले-बढ़े। वहीं करिश्मा कुमारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे अपने पति के साथ अब नहीं रहना चाहतीं। आपसी विवाद एवं  तनाव का हवाला देते हुए उन्होंने न्यायालय के माध्यम से तलाक लेने तथा अपने पुत्र अयांश की देखरेख स्वयं करने की इच्छा व्यक्त की। काफी समझाने के बावजूद जब दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी, तब थाना परिसर में ही आपसी सहमति से जिम्मानामा तैयार किया गया। इसके तहत करिश्मा कुमारी अपने पुत्र अयांश प्रमाणिक को सुरक्षित रूप से अपने मायके जोन्हा, थाना अनगड़ा, जिला रांची लेकर गईं। जिम्मानामा में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब भी पिता संजय प्रमाणिक अथवा उनके परिवार को बच्चे से मिलने की आवश्यकता होगी, तो यह मुलाकात करिश्मा कुमारी एवं उनके परिवार की मौजूदगी में ही होगी। इस संबंध में करिश्मा कुमारी ने अनगड़ा थाना में किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई अथवा शिकायत से इंकार किया है। पूरे घटनाक्रम के दौरान करिश्मा कुमारी की बहनें सुनीता देवी, रिंकी कुमारी एवं पिंकी देवी गवाह के रूप में उपस्थित रहीं। थाना प्रभारी गौतम रजवार ने बताया कि पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दोनों पति-पत्नी को सामाजिक स्तर पर साथ रहने की सलाह दी गई, किंतु आपसी सहमति नहीं बनने की स्थिति में कानून-व्यवस्था एवं बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे मां के साथ भेजा गया।