
शहादत दिवस पर याद किए गए धरती आबा बिरसा मुंडा, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

Arjun Kumar…✍️
अनगड़ा (रांची)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस के अवसर पर अनगड़ा अंचल परिसर स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर केंद्रीय सरना समिति, अनगड़ा द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके ऐतिहासिक संघर्षों, सामाजिक सुधार आंदोलनों तथा आदिवासी समाज के उत्थान में दिए गए योगदान को स्मरण किया गया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के नहीं, बल्कि पूरे देश के महान जननायक, समाज सुधारक और स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रदूत थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन, शोषण, अन्याय और जमींदारी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष का नेतृत्व किया तथा आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित किया। उनके नेतृत्व में हुआ ‘उलगुलान’ भारतीय इतिहास में जनप्रतिरोध और स्वाभिमान का महत्वपूर्ण अध्याय है।
वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप दिया। उन्होंने आदिवासी समुदाय को अपनी भूमि, संस्कृति और पहचान की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया। उनका संदेश आज भी सामाजिक न्याय, आत्मसम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
सभा में उनके सामाजिक सुधार संबंधी योगदान का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अंधविश्वास, नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया तथा स्वच्छता, शिक्षा, नैतिक मूल्यों, सामाजिक एकता और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने तथा जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धरती आबा के अमर बलिदान को नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष एतवा उरांव, प्रमुख दीपा उरांव, जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुंडा, जिला परिषद सदस्य राजेंद्र शाही मुंडा, मंडल अध्यक्ष रेजाक अंसारी, मंडल अध्यक्ष योगेंद्र बेदिया, मुखिया सीमा देवी, पूर्व मुखिया मधुसूदन मुंडा, केंद्रीय सरना समिति के उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि (खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग) आशीष मुंडा, ग्राम प्रधान सुखराम उरांव, लोकनाथ पहान, रामसाय मुंडा, आलम अंसारी, कालीचरण मुंडा, जयनाथ मुंडा, पुशनाथ मुंडा, संगीता कैथा, यशोदा देवी, संतोष कच्छप, भरत मुंडा, जितेंद्र मुंडा, गोवर्धन मुंडा, अघनु महतो, बबलू राम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे ।

