Advertisements
Spread the love

भाजपा संगठन पर्व के तहत सरायकेला–खरसावां में मंडल अध्यक्ष व प्रतिनिधियों की घोषणा, संगठन को मिली नई मजबूती

Advertisements

चांडिल : कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत सरायकेला–खरसावां जिले में भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के तहत मंडल अध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। झारखंड प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के अनुमोदन तथा जिला पर्यवेक्षक की सहमति के पश्चात जिले के विभिन्न मंडलों के लिए मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रतिनिधियों की विधिवत घोषणा की गई।
इस प्रक्रिया के तहत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नीमडीह पश्चिम मंडल से जयंत रजक को मंडल अध्यक्ष एवं मिहिर चन्द्र महतो को मंडल प्रतिनिधि बनाया गया है। वहीं चांडिल मध्य मंडल की जिम्मेदारी जगदीश महतो को सौंपी गई है, जबकि मंडल प्रतिनिधि के रूप में प्रभात कुमार पोद्दार को दायित्व दिया गया है। चौका मंडल से चामु मुंडा को मंडल अध्यक्ष तथा जगदीश सिंह मुंडा को मंडल प्रतिनिधि घोषित किया गया है।
खरसावां विधानसभा क्षेत्र में गम्हरिया पश्चिम मंडल के लिए साधन कुमार महतो को मंडल अध्यक्ष और कृष्णा दास को मंडल प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। खरसावां पूर्वी मंडल की कमान अखिलेश महतो को सौंपी गई है, जबकि होपना सोरेन को मंडल प्रतिनिधि बनाया गया है। सरायकेला पूर्वी मंडल से मुरली प्रधान को मंडल अध्यक्ष एवं अश्विनी सिंहदेव को मंडल प्रतिनिधि घोषित किया गया है। वहीं खरसावां पश्चिमी मंडल की जिम्मेदारी धर्मेन्द्र प्रधान को दी गई है और विश्वजीत प्रधान को मंडल प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।
भाजपा जिला नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त करेंगे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठन पर्व के अंतर्गत की गई यह नियुक्तियां न केवल कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरेंगी, बल्कि आगामी चुनावों की दृष्टि से संगठन को मजबूती प्रदान करेंगी।

You missed