
बहरागोड़ा कॉलेज को मिला अनुभवी नेतृत्व, अभाविप ने किया नवनियुक्त प्राचार्य का स्वागत
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. एस. पी. महालिक का बुधवार को महाविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के पूर्व छात्र नेता पिकलु घोष एवं महाविद्यालय छात्र संघ के पूर्व सचिव यादव पात्र के संयुक्त नेतृत्व में किया गया. समारोह के दौरान छात्र नेताओं ने नवनियुक्त प्राचार्य को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल एवं सशक्त कार्यकाल की कामना की.

इस अवसर पर अभाविप के पूर्व छात्र नेता पिकलु घोष ने कहा कि डॉ. एस. पी. महालिक के नेतृत्व में बहरागोड़ा कॉलेज शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और समग्र विकास की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगा.
कॉलेज को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा नेतृत्व:
वहीं, महाविद्यालय छात्र संघ के पूर्व सचिव यादव पात्र ने अपने संबोधन में कहा कि बहरागोड़ा कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान को योग्य, अनुभवी एवं कर्मठ प्राचार्य का मिलना पूरे क्षेत्र के लिए शुभ संकेत है. उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. महालिक का शैक्षणिक अनुभव और प्रशासनिक क्षमता कॉलेज को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी.
छात्रहित और पारदर्शी प्रशासन मेरी प्राथमिकता : डॉ. महालिक
स्वागत समारोह के दौरान नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. एस. पी. महालिक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का हित, शैक्षणिक सुधार और पारदर्शी प्रशासन मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. कॉलेज को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है.
इस मौके पर पूर्व छात्र नेता जगन्नाथ नायक, श्यामसुंदर पाल, राजू महतो, देव कुमार विशाल, आदित्य भोक्ता, देव मंडल, देवराज पाल, प्रतीक दे, मुकेश सीट, सुबीर बासुरी सहित अनेक छात्र एवं पूर्व छात्र उपस्थित थे.

