
गणतंत्र दिवस पर भारती विविध कला मंदिर की पहल, 200 बच्चों ने चित्रांकन प्रतियोगिता में दिखाया हुनर –

गाम्हरिया, संवाददाता, जगबंधु माहतो
गम्हरिया : भारती विविध कला मंदिर की ओर से रविवार को गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में स्कूली बच्चों के बीच भव्य चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शिक्षाविद् रिंकू प्रमाणिक एवं विशिष्ट अतिथि शिक्षक गणेश दास, चित्रगुप्त महासमिति के उपाध्यक्ष के.एम. श्रीवास्तव तथा महामंत्री संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रिंकू प्रमाणिक ने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कला बच्चों की सृजनात्मक सोच को नई दिशा देती है और उन्हें अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारते रहना चाहिए।
गम्हरिया स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित इस प्रतियोगिता में गम्हरिया, आदित्यपुर सहित जमशेदपुर के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा एक से बारहवीं तक के करीब 200 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों को उनकी कक्षाओं के अनुसार चार वर्गों में विभाजित कर अलग-अलग विषयों पर चित्र बनाने का अवसर दिया गया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से देशभक्ति, संस्कृति एवं सामाजिक विषयों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के परिणाम सोमवार को घोषित किए जाएंगे। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मेडल व शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा, जबकि सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप प्रमाण पत्र दिया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह में जिले के यातायात निरीक्षक राजू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष कुमार संजय, उपाध्यक्ष संजय स्वर्णकार, सचिव चंचल साहू, कोषाध्यक्ष रूबी देवी सहित राकेश शर्मा, अजय कुमार, संतोष प्रमाणिक एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जोबा चंद्रा, बर्षा, उदिता, तेजस्वी, होमिका नंदिनी, भारती कुमारी, कृति दास, आशुतोष मिश्रा सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

