Spread the love

राजद का पिकनिक सह वन भोज में चांडिल से सियासी बिगुल: पर्यावरण बचाओ, नहीं तो राजद उतरेगा सड़क पर

Advertisements
Advertisements

गाम्हरिया संवाददाता- जगबंधु महतो

सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत चांडिल डैम के समीप स्थित शीश महल में राष्ट्रीय जनता दल (राजद)सरायकेला-खरसावां जिला इकाई द्वारा आयोजित पिकनिक सह वन भोज कार्यक्रम ने पर्यावरण के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ राजनीतिक तेवर दिखाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष गाजु साव ने की, जबकि राजद प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर वन पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति के बैनर तले वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करते हुए जिले भर में एक लाख पौधरोपण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के मंच से स्पष्ट किया गया कि राजद अब पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देगा।

मुख्य अतिथि अर्जुन प्रसाद यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अनियंत्रित औद्योगिकीकरण और प्रशासनिक उदासीनता के कारण झारखंड प्रदूषण की गिरफ्त में है। नदियों में रासायनिक अपशिष्ट छोड़े जा रहे हैं, जंगलों की अंधाधुंध कटाई हो रही है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब सरकार की प्राथमिकता बननी चाहिए, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम आम जनता को भुगतने पड़ेंगे। राजद इस मुद्दे को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएगा।

वन पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र सहित पूरे जिले में फैल रहे औद्योगिक प्रदूषण पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि इको-सेंसिटिव जोन के आसपास संचालित स्पंज आयरन और पावर प्लांट पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिस पर सरकार को तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
कार्यक्रम में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी मुद्दों पर एक मांग पत्र तैयार कर शीघ्र ही राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री से शिष्टमंडल मिलकर ज्ञापन सौंपेगा और ठोस कार्रवाई की मांग करेगा।
इस मौके पर महिला सेल जिला अध्यक्ष शुशीता बारीक, अनुसूचित जाति प्रदेश उपाध्यक्ष सिया राम, जय किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर मालाकार, श्रमिक प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव राजकुमार यादव, पुष्पा सिंह, राजकुमारी सिंह, रामेश्वर सिंह यादव, पिंटू यादव, श्याम सुंदर साहू, बाहा बास्के, अनुसूचित जनजाति प्रदेश प्रधान महासचिव राम साय सोरेन सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समिति के सदस्य और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन पूर्व जिला प्रवक्ता राजद सह वन पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति के प्रवक्ता मुकेश झा ने किया।

You missed