
गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म मामले पर भाजपा का प्रदर्शन, गीता कोड़ा ने हेमंत सरकार को घेरा; एसपी को सौंपा मांग पत्र
रिर्पोटर : जगबंधु महतो
गम्हरिया थाना कांड के बाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, छह पुलिसकर्मी निलंबित; राजेश टुडू ने संभाली थाने की कमान
सरायकेला : गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर जिले की राजनीति और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। घटना के विरोध में रविवार, 1 नवंबर को भाजपा प्रदेश कमेटी के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पूर्व सांसद गीता कोड़ा की मौजूदगी में भाजपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान गीता कोड़ा ने हेमंत सोरेन सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से महिलाओं के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मामले की तीन महीने के भीतर स्पीडी ट्रायल से सुनवाई कराने, आरोपी पुलिसकर्मी को तीन दिनों के भीतर बर्खास्त करने, जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सभी थानों में सातों दिन महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इधर, मामले के बाद पुलिस प्रशासन ने भी संगठनात्मक स्तर पर बदलाव किया है। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने तत्कालीन थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है। वहीं, इंस्पेक्टर राजेश टुडू को गम्हरिया का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। रविवार को एसपी की उपस्थिति में उन्होंने विधिवत पदभार ग्रहण किया।
नवनियुक्त थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आम जनता का विश्वास कायम करना और विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी।
अब इस मामले में पुलिस की जांच, कानूनी कार्रवाई और प्रशासनिक जवाबदेही पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
