
काठीकुंड में भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन, हेमंत सरकार को बताया विफल

संवाददाता : झंटू पाल
काठीकुंड । भारतीय जनता पार्टी द्वारा झारखंड प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार राज्यव्यापी आक्रोश प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत मंगलवार को काठीकुंड प्रखंड में विरोध मार्च निकाला गया। मंडल अध्यक्ष अभिजीत सुमन के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में राज्य सरकार की “विफलताओं” को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य परितोष सोरेन और जिला उपाध्यक्ष बबलू मंडल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आक्रोश मार्च को संबोधित करते हुए झारखंड की हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी और प्रशासनिक लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।
नेता बोले – वादे अधूरे, जनता परेशान
परितोष सोरेन ने कहा, “हेमंत सरकार ने मैया सम्मान योजना, पेंशन और रोजगार जैसे वादे तो किए, लेकिन आज महिलाएं सूची से हटाई जा रही हैं, किसान बकाया भुगतान के लिए भटक रहे हैं, और भ्रष्टाचार चरम पर है।”
भाजयुमो जिला अध्यक्ष रूपेश मंडल, राजू दत्ता, गणेश राय समेत कई नेताओं ने भी जनसमस्याओं को उठाया और कहा कि सरकार आम जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने में विफल रही है।
प्रमुख मांगें और ज्ञापन सौंपे गए
विधि व्यवस्था को सुदृढ़ कर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अपराध प्रभावित थाना क्षेत्रों में थानेदार को जिम्मेदार ठहराने, धान क्रय के बकाया का शीघ्र भुगतान, किसानों को बिना कालाबाजारी के खाद-बीज की आपूर्ति, जाति/आय प्रमाण पत्र और राशन कार्ड निर्माण प्रक्रिया को भ्रष्टाचार मुक्त करने और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की गई।
साथ ही, अधिसूचित क्षेत्रों में पेसा नियमावली लागू करने, आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण सामग्री की नियमित आपूर्ति, पेंशन योजनाओं का समय पर भुगतान, शिक्षकों और चिकित्सकों की नियुक्ति, विद्यालयों में भाषावार शिक्षकों की व्यवस्था, अस्पतालों में दवा, ऑक्सीजन, एम्बुलेंस और टीकाकरण की बेहतर व्यवस्था तथा ग्रामीण अस्पतालों को आयुष्मान योजना से जोड़ने की आवश्यकता जताई गई।
जर्जर सड़कों और सरकारी भवनों की मरम्मत तथा बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को चिन्हित कर राज्य से बाहर करने की भी मांग की गई।
कार्यकर्ताओं की रही भारी भागीदारी
प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रूपेश मंडल, महामंत्री अमन राज, मिडिया प्रभारी बिनोद मंडल, उपाध्यक्ष जगत नारायण राय, महिला मोर्चा की पार्वती देवी, अंजलि देवी, रेखा देवी, चचला देवी, मंजू हेम्बरम, मुन्ना भगत, लालचंद पाल, मनोज नाग, सुरेश देहरी, नीलमणी मुर्मू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

