
चाकुलिया: साइकिल से जगन्नाथ पुरी धाम की यात्रा पर निकले जीजा-साला, 400 किलोमीटर तय कर पहुंचेंगे धाम
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित नागा बाबा मंदिर से मंगलवार को दो युवक साइकिल से ओडिशा के जगन्नाथ पुरी धाम की यात्रा के लिए रवाना हुए. इस दौरान नगर पंचायत के उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा एवं वार्ड संख्या 7 के पार्षद प्रतिनिधि मुरारी लाल शर्मा ने दोनों युवकों को गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया. इसके बाद हरी झंडी दिखाकर उनकी यात्रा का शुभारंभ किया.

साइकिल यात्रा पर निकले दोनों युवक रिश्ते में जीजा-साला हैं. इनमें चाकुलिया के वार्ड संख्या 7 निवासी 17 वर्षीय सोनू बेहरा और घाटशिला निवासी 24 वर्षीय विष्णु बेहरा शामिल हैं. दोनों युवकों ने नागा बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद अपनी यात्रा शुरू की.

यात्रा के दौरान दोनों युवक बहरागोड़ा, बारीपादा, बालेश्वर, भुवनेश्वर और कटक होते हुए लगभग 400 किलोमीटर की दूरी तय कर जगन्नाथ पुरी धाम पहुंचेंगे. युवकों के इस धार्मिक यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनकी सकुशल यात्रा की कामना की.
